हिमाचल भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल आज लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात करेगा।प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।भाजपा प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से विस्तारपूर्वक अवगत करवाएगा।साथ ही प्रदेश में चल रहे नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के दौरान कांग्रेस सरकार द्वारा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने एवं लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप किए जाने के मामलों को भी राज्यपाल के समक्ष रखा जाएगा।भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार नगर पंचायत एवं पंचायती राज चुनावों को हाईजैक करने का प्रयास कर रही है।चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक एवं राजनीतिक हस्तक्षेप के माध्यम से जनादेश को प्रभावित करने की कोशिशें की जा रही हैं,जो लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संविधान की भावना के विरुद्ध हैं।प्रतिनिधिमंडल द्वारा आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद आयोजित की गई मंत्रिमंडल बैठक का विषय भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।भाजपा का कहना है कि इस बैठक में ऐसे अनेक निर्णय लिए गए जिनका सीधा प्रभाव जिला परिषद,पंचायत एवं प्रधान चुनावों पर पड़ सकता है।भाजपा नेताओं का मानना है कि चुनावी प्रक्रिया के बीच विभिन्न घोषणाएं,प्रशासनिक निर्णय,भर्ती संबंधी फैसले तथा योजनाओं से जुड़े कदम उठाकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है।पार्टी इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक मर्यादाओं एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा मानती है।भाजपा प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से आग्रह करेगा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए आवश्यक संवैधानिक हस्तक्षेप किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *