जम्मू में रोटरी क्लब लीडरशिप लर्निंग सेमिनार को किया संबोधित।

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व केवल किसी पद को धारण करने का नाम नहीं है,बल्कि लोगों को साथ लेकर चलने,समाज की आवश्यकताओं को समझने और सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनने का नाम है।राज्यपाल जम्मू में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 द्वारा आयोजित क्लब लीडरशिप लर्निंग सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जम्मू,पंजाब,हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से आए प्रतिनिधियों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा,नेतृत्व और सामाजिक समर्पण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।रोटरी इंटरनेशनल के मूल मंत्र ‘सेवा सर्वोपरि’ की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं,बल्कि मानवता की सेवा के लिए समर्पित एक वैश्विक आंदोलन है।उन्होंने शिक्षा,स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण,जल संरक्षण,महिला सशक्तिकरण,आपदा राहत और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में रोटरी के योगदान को प्रेरणादायक बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा,रोटरी जैसे संगठन समाज और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करते हैं,तभी व्यापक और सार्थक परिवर्तन संभव होता है।राज्यपाल ने देश के समक्ष उपस्थित प्रमुख सामाजिक चुनौतियों जैसे नशे की बढ़ती प्रवृत्ति,पर्यावरण असंतुलन,मानसिक तनाव,स्वास्थ्य जागरूकता की कमी तथा युवाओं में बढ़ती सामाजिक दूरी पर चिंता व्यक्त की।उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं,बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।उन्होंने कहा कि रोटरी क्लबों द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर,स्वास्थ्य जांच अभियान,स्वच्छता अभियान,शिक्षा सहायता,पौधारोपण तथा आपदा राहत कार्य सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के उत्कृष्ट उदाहरण हैं।उन्होंने कहा, “सच्चा नेतृत्व वही है,जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करे।इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत को लेकर किए गए आह्वान का भी उल्लेख किया।उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने,अनावश्यक निजी वाहन प्रयोग से बचने,ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन बंद रखने तथा कार पूलिंग को अपनाने का आग्रह किया।उन्होंने रोटरी क्लबों से ईंधन संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का आह्वान करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों द्वारा किए गए छोटे-छोटे प्रयास देश की ऊर्जा सुरक्षा में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।राज्यपाल ने कहा“जब प्रधानमंत्री देश से किसी कार्य का आह्वान करते हैं,तो प्रत्येक नागरिक का दायित्व बनता है कि वह उसे व्यवहार में उतारे। सामूहिक प्रयास और नागरिक चेतना ही विकसित और जिम्मेदार समाज की पहचान है।उन्होंने रोटरी क्लब जम्मू तवी और रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सामाजिक सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रोहित ओबेरॉय,डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रोटेरियन अनिल सिंघल,पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अविनाश महेंद्रू,विशेष अतिथि पास्ट रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर रोटेरियन ए.एस.वेंकटेश,गेस्ट ऑफ ऑनर पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन शशांक रस्तोगी तथा सेमिनार कोऑर्डिनेटर रोटेरियन आशीष लैंगर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *