
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 02 मई,2026 तक शिमला आ रही हैं और इस प्रस्तावित दौरे के दौरान वह शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास दी रिट्रीट में रुकेंगी।यह जानकारी जिला दंडाधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।उन्होंने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें की इस प्रस्तावित दौरे के दौरान कोई भी गलती न हो।उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति 27 अप्रैल को शिमला पहुंचेगी और अपने आधिकारिक निवास स्थान दी रिट्रीट में रुकेंगी।उन्होंने कल्याणी हेलिपैड के साथ अन्नाडेल हेलिपैड को भी लैंडिंग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए।जिला दण्डाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को हवाई अड्डा से दी रिट्रीट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर निगम शिमला को दी रिट्रीट और आसपास के क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।उन्होंने एसजेपीएनएल को दी रिट्रीट के लिए पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

अनुपम कश्यप ने अग्निशमन विभाग को दी रिट्रीट और अन्य स्थानों का फायर ऑडिट करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके।इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को 24×7 डॉक्टर की टीम और एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए।उन्होंने खाने के सैंपल की भी निरंतर जांच करने के निर्देश दिए।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह,अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला अभिषेक,अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल)ज्योति राणा,अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था)पंकज शर्मा,प्रबंधक दि रिट्रीट संजू डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
