
संसद के विशेष सत्र से पहले भाजपा ने हिमाचल में महिला आरक्षण पर जनभागीदारी का दौर शुरू कर दिया है।बुधवार को शिमला में महिला मोर्चा अध्यक्ष डेज़ी ठाकुर के नेतृत्व में नारी शक्ति फोरम एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम समर्थन पदयात्रा एवं टाउन हॉल ऑफ वूमन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ होटल ध्रुव,सर्कुलर रोड में आयोजित टाउन हॉल ऑफ वूमन से हुआ,जिसमें महिलाओं के अधिकार,शिक्षा और राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत और सार्थक संवाद हुआ।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत में महिलाओं की भूमिका निरंतर मजबूत हो रही है,लेकिन अब समय आ गया है कि उन्हें नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में भी समान भागीदारी मिले।

भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा डेज़ी ठाकुर ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार,सम्मान और भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत है।मुख्य वक्ता डा.पूर्णिमा चौहान (सेवानिवृत्त आइएएस)ने कहा कि पिछले वर्षों में महिलाओं की शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्रों में भागीदारी में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।प्रोफेसर मीनाक्षी पॉल ने कहा कि शिक्षा महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार है।वंदना भागड़ा (एनजीओ) ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा।नारी शक्ति वंदन अधिनियम समर्थन पदयात्रा होटल ध्रुव से सीटीओ,शिमला तक निकाली गई,जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर महिलाओं के अधिकारों और 33 प्रतिशत आरक्षण के समर्थन में एकजुटता दिखाई।

