ठियोग के जराई गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपी सुरेश को ठियोग के ही शरमला पंचायत के शर्मठू गांव से गिरफ्तार किया है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मामा ने शराब के नशे में भांजे पर कृषि उपकरण से कई वार कर मौत के घाट उतार दिया था।इसके पीछे पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है।इसको लेकर पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने के बाद गहनता से जांच पड़ताल करेगी।आरोपी इससे पहले भागने में कामयाब होता पुलिस ने उसे दबोच लिया।

मामला ठियोग उपमंडल के जराई गांव डाकघर देवगढ़,तहसील ठियोग का है।यहां बागवान जगदीश ने अपने बगीचे में काम के लिए नेपाली मूल के परिवार को ठहराया था।परिवार में सुरेश,उसकी पत्नी,तीन बेटियां और दो बेटे और भांजा धनीराम रहता था।28 फरवरी की सुबह जब जगदीश अपने बगीचे में पहुंचे तो वहां पर सन्नाटा पसरा था।छानबीन करने पर पहला कमरा खाली मिला जबकि दूसरे में धनी राम फर्श पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था।उन्होंने फौरन मामले की सूचना ठियोग पुलिस को दी।डीएसपी ठियोग समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।जांच में पता चला कि सुरेश अपने परिवार के साथ गायब है।इससे हत्या का शक उसके ऊपर गहराया।पुलिस ने थाना ठियोग में बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू की।एफएसएल जुन्गा की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों को एकत्रित किया।इसके साथ ही डिजिटल साक्ष्यों के अलावा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।आरोपी की धर पकड़ के लिए मीडिया में भी परिवार के संबंध में सूचना होने पर पुलिस से संपर्क करने की अपील की।पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसएचओ ठियोग की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया।जांच और अन्य पहलुओं की पड़ताल के बाद रविवार शाम को सूचना मिली की आरोपी परिवार के साथ शमरला पंचायत के शर्मठू गांव में छिपा है।इसी आधार पर पुलिस की टीम ने आरोपी को वहां से धर दबोचा।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 27 से 28 फरवरी की दरमियानी रात को मामा ने शराब के नशे में भांजे धनीराम को कृषि उपकरण से कई वार करके मौत के घाट उतार दिया था।पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।इसके बाद उससे गहन पूछताछ करके हत्या के कारणों की छानबीन की जाएगी।आरोपी सुरेश की उम्र 50 वर्ष के करीब बताई जा रही है जबकि मृतक की आयु 40 वर्ष के करीब थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *