
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस की तरफ से चलाया गया वोट चोर अभियान केवल मात्र कागज का एक बंडल है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पास कोई मुद्दा नहीं है,इसलिए केवल मात्र वोट पर शोर मचाकर अपनी राजनीति को जिंदा रखने का प्रयास कर रहे हैं।त्रिलोक कपूर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि अगर इस अभियान में कोई सच्चाई होती तो राहुल गांधी सीधे शपथ पत्र देते।उन्होंने कहा कि पिछले संसदीय सत्र में राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता जिस महिला की तस्वीर को टी-शर्ट पर छपवाकर संसद पहुंचे थे,उस महिला ने ही उनकी जमकर आलोचना की थी।उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी नकली नाम,नकली फोटो और नकली मुद्दा लेकर समय-समय पर बोलते रहते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता केवल मात्र अपनी गुटबाजी और अंतर्कलह को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं।इसी कारण मुख्यमंत्री और विक्रमादित्य सिंह के अलग-अलग नारे कांग्रेस भवन में लगाए गए थे।
