राजस्व मंत्री ने किन्नौर जिला के नाको मठ में आयोजित होने वाले राष्ट्र स्तरीय नरो गयनडुब कार्यक्रम से सम्बंधित बैठक की अध्यक्षता की 

27 से 29 अगस्त, 2025 तक आयोजित होगा कार्यक्रम, नेगी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रिकांगपिओ। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि वर्तमान प्रदेश सरकार बौद्ध धर्म की संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू इसे बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। वे वीरवार को किन्नौर जिला के समस्त अधिकारियों के साथ हंगरंग घाटी की नाको ग्राम पंचायत के नाको मठ में 27 से 29 अगस्त, 2025 तक आयोजित होने वाले राष्ट्र स्तरीय नरो गयनडुब कार्यक्रम से सम्बंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। 

जगत सिंह नेगी ने कहा कि बौद्ध धर्म के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का किन्नौर जिला में आयोजन होना गर्व का विषय है तथा इसके सफल आयोजन में सभी अपनी भूमिका का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने इस दौरान बौद्ध धर्म के गुरुओं का सान्निध्य भी प्राप्त किया और प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। 

राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर हंगरंग घाटी के लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। ग्रामीणों द्वारा घाटी में लो-वोल्टेज की समस्या से निजात के लिए ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने की मांग, नियमित पेयजल सुविधा एवं जल भंडारण टैंक का निर्माण, चिकित्सकों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, पर्यटन स्थल नाको में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण एवं सफाई कर्मियों की उपलब्धता की मांग रखी गई जिस पर राजस्व मंत्री ने जिला प्रशासन को मांगो का चरणबद्ध ढंग से निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

जगत सिंह नेगी ने खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को आगामी मॉनसून सीज़न के मद्देनजर जनजातीय जिला किन्नौर के दुर्गम एवं संवेदनशील स्थानों में राशन, तेल व गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को जिला के दुर्गम क्षेत्रों में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सुविधा नियमित रूप से उपलब्ध रखने तथा पर्यटन स्थलों में सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए ताकि पर्यटकों को सुरक्षित महसूस हो सके और जिला में कानून व्यवस्था भी सुगमता के साथ कायम रह सके। 

इससे पूर्व, उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया और उन्हें राष्ट्र स्तरीय नरो गयनडुब कार्यक्रम के संदर्भ में जानकारी दी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, कार्यकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह नारायण सिंह चौहान, वनमण्डलाधिकारी अरविंद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सोनम नेगी, बौद्ध गुरु रिनपोछे, जिला कांग्रेस सचिव नरेश चंद्र नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दिनेश सेन, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी धनवीर ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *