कहा – प्रधानमंत्री ने न केवल 140 करोड़ जिंदगियों को बचाया, बल्कि 118 देशों को वैक्सीन देकर दुनिया को भी बचाया 

बोले – मोदी के आह्वान पर दुनिया के 175 देशों ने 21 जून को योग दिवस के रूप में किया स्वीकार 

पिछले वर्ष हमने रक्षा क्षेत्र में लगभग 23500 करोड़ रुपए का निर्यात किया, हम दुनिया के 92 देशों को अस्त्र-शस्त्र दे रहे – संजय सेठ 

शिमला। केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा है कि केंद्र सी मोदी सरकार के 11 वर्ष ऐतिहासिक और उपलब्धियों भरे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनकर रहेगा। वे मंगलवार को शिमला में एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। 

संजय सेठ ने इस दौरान मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल भारत के इतिहास का स्वर्णिम काल रहा है, जिसने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों को बदला है। उन्होंने कहा कि वे भगवान बिरसा मुंडा की धरती झारखंड से आते हैं, जिनकी जयंती आज जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे देश में मनाई जाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान पर जोर देते हुए कहा कि आज भारत को पूरी दुनिया सम्मान की नजर से देखती है। नया भारत अब न किसी से डरता है, न झुकता है और न किसी के आगे हाथ फैलाता है। 

कोरोना काल के दौरान भारत द्वारा बनाए गए दो स्वदेशी टीकों और 118 देशों को दी गई वैक्सीन की चर्चा करते हुए सेठ ने कहा कि यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का परिणाम है कि न केवल भारत के 140 करोड़ नागरिकों को सुरक्षित किया गया, बल्कि पूरी दुनिया को भी राहत मिली। संजय सेठ ने इस बात पर गर्व जताया कि भारत में कोरोना काल में शांति बनी रही और एक भी पान की दुकान नहीं लूटी गई, जो विश्व के लिए मिसाल बनी। 

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में विश्व भर में मनाया जाता है। साथ ही मोटे अनाज के उपयोग को प्रोत्साहित कर छोटे किसानों को भी लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि जी-20 सम्मेलन का सफल आयोजन भारत की कूटनीतिक और व्यवस्थागत क्षमता का प्रमाण है। 

विदेशी संकटों के समय भारत की तत्परता का उदाहरण देते हुए संजय सेठ ने बताया कि यूक्रेन-रूस युद्ध के दौरान ऑपरेशन गंगा के तहत 23 हजार छात्रों को सुरक्षित निकाला गया। ऑपरेशन कावेरी के माध्यम से 3000 से अधिक भारतीयों की भी वापसी सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि पहलगाम की आतंकी घटना के बाद देश बदला चाहता था और प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की पावन भूमि से कहा था कि इस घटना को अंजाम देने वालों को मिट्टी में मिला देंगे और ऐसा करके भी दिखाया। यह दुनिया में पहली बार हुआ किसी परमाणु हथियार वाले देश पर इतना बड़ा मिल्ट्री ऑपरेशन हुआ। हमारी पराक्रमी सेना ने 23 मिनट के अंदर आतंकवादियों को मिट्टी में मिला दिया और उनके 11 एयर बेस तबाह कर दिए। 

संजय सेठ ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओं के मोदी सरकार के मंत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यह मंत्र देश की बेटियों का हौंसला बढ़ा रहा है। आज देश की बेटियां लड़ाकू विमान उड़ा रही है, देश की सीमाओं की 24 घंटे रक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले 2 बेटियां लेफ्टिनेंट कमांडर दिलीना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा दुनिया के समुद्र का 43 हजार कि.मी. का चक्कर लगाकर गोवा पहुंची है। हमारे देश के 10 एनसीसी कैडेट्स, जिसमें 5 भाई और 5 बहनें थी, ने मात्र तीन दिन में एवरेस्ट को फतेह कर कमाल कर दिखाया। 

रक्षा बजट का हवाला देते हुए संजय सेठ ने कहा कि 2025-26 के लिए यह बढ़कर 2.81 लाख करोड़ रुपए हो गया है। भारत अब रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक बन चुका है। पिछले साल 23,500 करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात हुए और 2029 तक इसे 3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को साकार करेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *