
रियल इस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी में प्रदेश सरकार ने एक सदस्य की नियुक्ति कर दी है।वास्तुकार विदुर मेहता को सरकार ने रेरा का सदस्य नामजद किया है।यहां पर सदस्य का पद खाली था,जिस पर विदुर मेहता को लगाया गया है। वह तकनीकी रूप से इस पद के लिए काबिल हैं।बताया जा रहा है कि विदुर मेहता शिमला के कलस्टन के रहने वाले हैं। हाल ही में सरकार ने उनकी नियुक्ति की है और इसकी जानकारी दो दिन पहले हाई कोर्ट को भी दी थी।बता दें कि रेरा में अभी अध्यक्ष का पद खाली चल रहा है,जिसके लिए सरकार ने आवेदन मांग रखे हैं।प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने भी इस पद के लिए आवेदन किया हुआ है,लेकिन इससे पहले उन्हें सरकार ने छह महीने का सेवाविस्तार दे दिया था।अभी अध्यक्ष पद पर किसकी नियुक्ति होगी,यह कहा नहीं जा सकता,क्योंकि कई और पूर्व आईएएस अधिकारियों ने इस पद के लिए आवेदन कर रखे हैं।इनमें सूचना आयोग के अध्यक्ष व पूर्व मुख्य सचिव आरडी धीमान का भी नाम है।इनके अलावा भी कुछ नाम सरकार के ध्यान में हैं।माना जा रहा है कि अभी सरकार ने सदस्य के पद पर नियुक्ति की है,जिसके बाद जल्दी ही अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिया जाएगा। रविवार को रेरा के नए सदस्य विदुर मेहता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की।वह ओक ओवर में उनसे मुलाकात के लिए गए थे,जिन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए सीएम का आभार जताया।यहां सीएम ने रेरा के कार्यों को लेकर चर्चा की और भविष्य में किस तरह से इसका काम आगे बढ़ाना है,इस पर विस्तार से बात की।
