
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत सारी में पंचायत घर एवं मघारा के सामुदायिक केंद्र लोकार्पण किया,जिसका निर्माण कार्य लगभग 33 लाख रुपए की राशि से पूर्ण किया गया है।शिक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सामुदायिक केंद्र का निर्माण कार्य पैसों के अभाव के कारण लगभग 15 वर्षों से लंबित पड़ा था।प्रदेश सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण के चलते यह कार्य पूर्ण किया गया।गत 2 वर्षों में प्रदेश सरकार ने लगभग 20 लाख रुपए भवन निर्माण के लिए प्रदान किए है।भव्य भवन के लिए उन्होंने सभी ग्रामवासियों को बधाई दी।शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जुब्बल नावर कोटखाई के लिए 20 सामुदायिक केंद्र बनाने की स्वीकृति प्रदान की है,जिसमें से कुछ भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।उन्होंने कहा कि मघारा सामुदायिक भवन के तर्ज पर सभी भवन तैयार होंगे,जिस से पंचायत की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को आयोजित करने में आसानी होगी,इन सामुदायिक भवन में महिला मंडल,युवक मंडल आदि सभी वर्गों के लोगों को विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने में सुविधा उपलब्ध होगी।

पंचायत भवन सारी का किया लोकार्पण।
शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत सारी के पंचायत भवन का लोकार्पण किया,जिसका निर्माण कार्य लगभग 50 लाख रुपए से पूर्ण किया गया है।शिक्षा मंत्री ने कहा कि भवन का निर्माण कार्य काफी लंबे समय से लंबित पड़ा था,जिस से क्षेत्र एवं पंचायतवासियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था ।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रतिबद्धता के चलते भवन के लिए 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की तथा आज निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है।उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 15 पंचायत घरों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है,जिसका निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण कर उनका लोकार्पण किया जाएगा,शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की महत्वपूर्ण पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य सितम्बर में पूर्ण कर लोकार्पित किया जाएगा,उन्होंने कहा कि योजना का निर्माण कार्य लगभग 38 करोड़ से किया जा रहा है,जिससे क्षेत्र की लगभग 28 पंचायतें लाभान्वित होगी।इसी योजना के तहत स्थानीय सारी पंचायत भी लाभान्वित होगी।यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजना है,जिससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल की समस्या से निदान मिलेगा।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इसके अतिरिक्त क्षेत्र में उठाऊ सिंचाई योजना का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है,जिसका निर्माण कार्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपए से पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि इस सिंचाई योजना से क्षेत्र के विभिन्न गांव के बागवानों के साथ इस पंचायत के लोगों को भी सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।

18 करोड़ से पूर्ण होगा खड़ापत्थर पटसारी सड़क का कार्य।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न सड़कों का कार्य प्रगति पर है।क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क खड़ापत्थर पटसारी सड़क का स्तरोन्नत कार्य पीएमजीएसवाई फेज थ्री के तहत लगभग 18 करोड़ से पूर्ण होगा, जिस से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़के हमारी भाग्य रेखाएं है,सड़कों का सुदृढ़ीकरण करना हमारी प्राथमिकता है और समय के साथ-साथ सभी सड़कों को पक्का भी किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र की लगभग 136 सड़कों को पास किया गया है वही इस स्थानीय पंचायत की 4 सड़कों की पासिंग की गई है।

शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर दिया जा रहा बल।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया जा रहा है ताकि प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों तक गुणवत्तायुक्त शिक्षा छात्रों को उपलब्ध हो सके,उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बजट में शिक्षा विभाग में 300 करोड़ रुपए को बढ़ोतरी के साथ 9 हजार 800 करोड़ रुपए का बजट हुआ है।शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सारी के भवन निर्माण का कार्य 2 करोड़ 33 लाख रुपए से किया जा रहा है और जल्द ही भवन का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाएगा ताकि स्थानीय छात्रों को इसकी सुविधा मिल सके,शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सैकड़ों ऐसे विकास कार्य है जिनका निर्माण कार्य प्रगति पर है और सैकड़ों कार्यों को पूर्ण किया गया है,क्षेत्र का सामान विकास सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है और इसी दृष्टिकोण से कार्य किए जा रहे है।क्षेत्र में चल रहे अनेकों विकास कार्यों के परिणाम हम सभी को धरातल पर देखने को मिलेंगे,जिसका लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा।

पंचायत के लोगों की सुनी समस्याएं।
शिक्षा मंत्री ने इस दौरान पंचायत की विभिन्न समस्याओं को सुना।उन्होंने कहा कि सारी में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग प्राप्त हुई है,उन्होंने कहा कि पेयजल योजना के लोकार्पण के दौरान तक सारी औपचारिकताएं पूर्ण कर ले ताकि यहां के लोगों को सामुदायिक भवन की सौगात प्रदान की जा सके ।उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त पंचायत में खेल मैदान,हाइ मास्क लाइट,सड़के,स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी मांगे सामने आई है,उन्होंने सभी मांगों को सहानुभूतिपूर्ण तरीके से विचार कर पूर्ण करने का आश्वासन दिया ताकि यहां के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुग़टा,स्थानीय पंचायत प्रधान अनु रांटा,निदेशक हिमफैड भीम सिंह झोटा,पूर्व जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिस्टा,बीडीसी उपाध्यक्ष यशवंत जस्टा,यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जुब्बल नावर कोटखाई दीपक काल्टा,उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
