नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि सरकार एक तरफ जहां कोई न कोई शुल्क बढ़ा रही है,वहीं दूसरी ओर लोगों से सुविधाएं छीनने का काम कर रही है।उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर अपनी नाकामी के लिए लोगों से झूठ बोलने का आरोप भी लगाया।जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि सरकार अब डिपुओं में सरसों का तेल और रिफाइंड 33 से 40 फीसदी महंगा देगी।यह प्रदेश के लोगों के साथ मजाक है।इसी तरह डिपुओं में मिलने वाली दालों सहित अन्य खाद्य वस्तुओं के मामले में भी सरकार ऐसा ही कर रही है।सरकार इस तरह की मनमानी और जनविरोधी नीतियों से नहीं चल सकती।जयराम ने कहा कि राज्य सरकार अब शुल्क की सरकार बनकर रह गई है।उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से थोपे जाने वाले शुल्क से सरकार मुकर जाती है।उन्होंने कहा कि मरीज 10 रुपए की पर्ची के लिए घंटों लाइन में खड़े हैं?उन्होंने कहा कि चूड़धार यात्रा में टैक्स वसूली को लेकर भी सरकार झूठ बोलती रही।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि यदि शुल्क लिया नहीं जा रहा,तो वापस क्यों लिया गया?जयराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास को गति प्रदान करने के लिए भरपूर सहयोग दे रही है।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के सभी चरणों में हिमाचल प्रदेश को प्रमुखता मिली है।चौथे चरण में हिमाचल प्रदेश को डेढ़ हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों को स्वीकृति मिली है।सिराज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 32 सड़कों को स्वीकृत किया गया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।जयराम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कश्मीर तक रेल पहुंचाने के सपने को साकार किया है।उन्होंने चिनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी पुल के लोकार्पण के लिए शुभकामनाएं दीं।चिनाब ब्रिज कुतुब मीनार से 5 गुणा और एफिल टावर से यह 35 मीटर ऊंचा है।यह ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेल ब्रिज है,जिसे इंजीनियरिंग का चमत्कार कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *