
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पूर्व विधायक पर हुए गोलीकांड में पुलिस ने हिरासत में लिए पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार किया है।जिनकी पहचान रितेश,मंजीत नड्डा और रोहित राणा के रूप में हुई है।मंजीत नड्डा और रोहित राणा पर रेकी करवाने का आरोप है।वहीं,दो आरोपी शूटरों की एक इंस्टा वीडियो भी वायरल हो रही है जिस पर पंजाबी गाना लगा है।ये आरोपी हरियाणा के रोहतक के रिटौली गांव के बताए जा रहे हैं।इन्हीं ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर गोलियां चलाई थी।पुलिस की टीमें इन शूटरों की ढूंढने में जुटी हैं।दोनों पहलवान बताए जा रहे हैं।वहीं,हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है।जिसमें वे आते और जाते दिखाई दे रहे हैं।

बता दें कि कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर होली के दिन शुक्रवार को उनकी पत्नी के सरकारी आवास पर चार हमलावरों ने दिनदहाड़े गोलियां बरसाईं। 22 से 24 राउंड फायर हुए।इसमें एक गोली बंबर और दो गोलियां उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ को लगीं।बंबर की बायीं टांग में गोली लगी,जिसके बाद उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज(आईजीएमसी) और पीएसओ को एम्स बिलासपुर में भर्ती किया,जहां उनको लगीं दो गोलियां निकाली गईं।

पुलिस जांच में पता चला है कि हमला करने से पहले पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के आवास पर और आसपास कुछ ऐसे लोग भी थे,जो हमलावरों को पल-पल की जानकारी दे रहे थे।यही कारण रहा कि जब बंबर घर के आंगन में थे तो हमलावरों ने आकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।प्रदेश पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है।जल्द ही कई लोगों की गिरफ्तारियां हो सकती हैं।वहीं स्थानीय स्तर पर आठ सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है।
