
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त हो चुकी है।सुक्खू सरकार कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर गंभीर ही नहीं है।इसके कारण बिलासपुर में गोलीकांड सामने आया है।यह पहली बार नहीं है जब बिलासपुर में इस तरीके से दिनदहाड़े गोलियां चलाई गईं।इसके पहले भी इसी तरीके की घटना हुई जिसमें पुलिस की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।यदि पुलिस की ओर से समय रहते सख्त कार्रवाई की गई होती दोनों बार की गोलीबारी की घटनाएं सामने नहीं आती और प्रदेश में इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगती।इस मामले में सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करे जिससे प्रदेश में आपराधिक तत्वों पर लगाम लग सके।जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पुलिस का काम सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना है।सीआईडी का काम खुफिया जानकारी इकट्ठा करना है,जिससे किसी प्रकार की आपराधिक साजिश,अनहोनी का पता चल सके और पुलिस उस पर समय रहते निवारक कार्रवाई कर उसे काबू कर सके।लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुफिया पुलिस को समोसे खोजने और समोसे खोजने की खबर लीक करने और खबर छापने वालों के पीछे लगा दिया है।इसके बाद खुफिया पुलिस को विपक्षी नेताओं के कार्यालयों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ साथ कांग्रेस के विधायकों पर नजर रखने का काम मुख्यमंत्री ने दे रखा है।प्रदेश के लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडल जंजैहली और थुनाग के भाजपा पदाधिकारियों के साथ परिचय बैठक की।बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।उन्होंने पार्टी के सभी नवनिर्वाचित साथियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।इस मौके पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के साथ भाजपा के दोनों मंडलों के पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
