हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता किशन कपूर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए।पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव खनियारा स्थित मांझी खड्ड के श्मशान घाट में किया गया।उनके बेटे शाश्वत कपूर ने उन्हें मुखाग्नि दी।

इससे पूर्व रविवार सुबह उनका शव खनियारा स्थित पटौला मैदान में लोगों के दर्शनों के लिए रखा गया,जहां सैकड़ों की संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।वर्तमान कांग्रेस सरकार की तरफ से कृषि मंत्री प्रो.चंद्र कुमार और उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया ने प्रदेश में दिग्गज नेता रहे किशन कपूर को श्रद्धांजलि देकर अंतिम विदाई दी।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल,नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर,प्रदेश भाजपा महासचिव त्रिलोक कपूर,पूर्व मंत्री रमेश धवाला,राधा रमण शास्त्री,विधायक सुधीर शर्मा,जनक राज सहित अन्य विधायक और पूर्व विधायक तथा बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं के अलावा जिला प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में धर्मशाला से स्थानीय और तिब्बती समुदाय भी मौजूद रहे।

फूट फूट कर रोए पूर्व मंत्री रमेश धवाला।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद किशन कपूर का मांझी खड्ड पर बने श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान किशन कपूर की पार्थिव देह देखकर पूर्व मंत्री रमेश धवाला भावुक हो गए और फूट-फूट कर रोए।उन्होंने कहा कि नालागढ़ के पूर्व विधायक सरदार हरि नारायण सैनी के बाद किशन कपूर के रूप में दूसरा सच्चा दोस्त खो दिया।

बता दें कि लंबी बीमारी के चलते बीते दिन शनिवार को पूर्व सांसद किशन कपूर का निधन हो गया था।वह 74 वर्ष के थे।वह अपने पीछे धर्मपत्नी,बेटा और बेटी छोड़ गए हैं।कपूर पिछले कुछ दिनों से पीजीआई में उपचाराधीन थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *