पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में सीमेंट की कीमतों में फिर बढ़ोतरी होने पर कांग्रेस सरकार को घेरा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में हिमाचल में महंगाई की मार से जनता बेहाल है,मगर सरकार अपनी नाकामियों का जश्न मनाने में व्यस्त है।अनुराग ने कहा कि हिमाचल के इतिहास की ये सबसे निकम्मी सरकार है,जिसने प्रदेश के हर वर्ग को सिर्फ ठगने और जनता पर महंगाई कि बोझ डालने का काम किया है।इस सरकार की नाकामी के चलते हिमाचल प्रदेश में सीमेंट की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। अगस्त से लेकर अब तक यह तीसरी बार है जब कीमतों में इजाफा हुआ है।चिराग तले अंधेरा की कहावत हिमाचल में चरितार्थ होती है।यहां सीमेंट का उत्पादन हो तो रहा है,मगर इसके दाम पड़ोसी राज्यों के मुकाबले अधिक हैं।पहले पेट्रोल,डीजल और अब सीमेंट के दामों में बढ़ोत्तरी ना सिर्फ हिमाचलवासियों के साथ धोखा है बल्कि यह प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण को भी प्रभावित करने वाला है। आम जनता जरूरी चीजों के बढ़ते दामों से परेशान है लेकिन सरकार कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है।अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुफ्त बिजली का वादा करके सरकार ने उसपर सेस,मुफ्त पानी का वादा करके उस पर चार्ज लगाकर जनता को छलने का काम किया है।हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की नीति व नीयत ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है।आए दिन इनके जनविरोधी फैसलों से जनता तंग आ चुकी है।कांग्रेस ने चुनावों में झूठी गारंटियों का वास्ता देकर हिमाचल की भोली-भाली जनता को ठग कर प्रदेश में सरकार तो बना ली,मगर गारंटियों पूरी करना तो दूर हर दिन महंगाई का बोझ बढ़ाती जा रही है।कांग्रेस खुद तो पूरी तरह आकंठ विलासिता में डूबी हुई है,मगर प्रदेश की जनता पर आए दिन महंगाई के चाबुक से वार कर रही है।कांग्रेस ने सरकार में आते ही लोगों की बेहतरी के खोखले वादे किए थे,परंतु जैसे ही सरकार में आए वैसे ही एक नहीं बल्कि दो बार पेट्रोल और डीजल पर टैक्स लगाया।जब पूरे प्रदेश में भयंकर बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त था तब यह पेट्रोल के दाम बढ़ाने में लगे थे।जब राज्य में भाजपा की सरकार थी तब डबल इंजन की सरकार के माध्यम से दो बार दाम कम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *