अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हिमाचल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया।कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन को लेकर राजभवन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।इस दौरान राजभवन का गेट बंद कर दिया गया था।प्रतिभा सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठे भाजपा नेता और सरकार कारोबारी गौतम अडानी और उनके सहयोगियों को बचाने में लगी है।अमेरिका की अदालत में अडानी पर गंभीर आरोप लगे है।इससे घरेलू व अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच विश्वास की हानि हुई जो बहुत ही चिंताजनक है।इससे देश की प्रतिष्ठा पर भी आंच आई है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद के अंदर बार-बार अडानी की वित्तीय धोखाधड़ी को लेकर सरकार से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की,लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संसदीय चर्चा को जानबूझकर कर रोकना और इस मुद्दे पर मौन रहना लोकतंत्र में जिम्मेदारी व जवाबदेही से बचने का चिंताजनक संकेत है,जो कभी सहन नहीं किया जा सकता।उन्होंने अडानी को जल्द गिरफ्तार करने और उन पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने की मांग की।प्रतिभा सिंह ने मणिपुर में बढ़ती हिंसा,गोलीबारी,कर्फ्यू और बढ़ती अराजकता पर भी चिंता की और इसके लिए केंद्र सरकार को कोसा।उन्होंने कहा कि केंद्र मणिपुर की पूरी तरह अनदेखी कर रहा है।मणिपुर में हर रोज लोगों की जानें जा रही हैं।मणिपुर के लोग भय और हिंसा के साये में जी रहे हैं। मणिपुर की सरकार भी लोगों की रक्षा करने में विफल रही है।केंद्र की मोदी सरकार ने मणिपुर पर अपनी आंखें बंद कर रखी हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर का दौरा तक नहीं किया।इससे साफ है कि प्रधानमंत्री को मणिपुर की कोई चिंता नही है।

भाजपा संविधान को कमजोर करने में लगी:चौहान।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाह ही बन गई है।संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर सरकार का विरोध करने वालों के खिलाफ पुलिस में मामले बनाए जा रहे हैं।देश में सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है जो बहुत ही चिंता की बात है।कांग्रेस नेता विदित चौधरी ने कहा कि कांग्रेस देश के साथ अन्याय नहीं होने देगी।इसके खिलाफ लोगों को जागरूक करेगी।प्रदर्शन में प्रदेशभर से वरिष्ठ नेता,नगर निगम के पार्षद,सेवादल,महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *