
हिमाचल प्रदेश में सरकार की दो वर्ष से विभागों व निगमों व बोर्डों में खाली पड़े पदों को समाप्त करने की अधिसूचना को लेकर सियासत गर्मा गई है।भाजपा ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को सब कुछ बंद करने का जुनून है। वह चले हुए काम बंद कर रहे हैं।पहले लगभग 1000 संस्थानों को बंद कर दिया तथा अब दो वर्ष से रिक्त पड़े पदों को समाप्त करने की अधिसूचना जारी कर दी।शनिवार को शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में पल-पल पलटू राम की सरकार चल रही है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूरी तरह से अफसरशाही के शिकंजे में हैं,उन्हें पता ही नहीं चल रहा है कि क्या फैसले लेने हैं।उन्होंने दावा किया कि सुक्खू अफसरशाही के आगे विवश हो गए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के बजाय व्यवस्था पतन का कार्य चल रहा है।ऐसा हिमाचल के इतिहास में पहली बार हुआ है जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है।
