बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार विजय अग्निहोत्री के कवरिंग कैंडिडेट रहे।

नादौन।लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने नादौन भाजपा में बड़ी सेंधमारी की है।बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार विजय अग्निहोत्री के कवरिंग कैंडिडेट रहे प्रभात चौधरी सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।उन्हें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पटका फूलमाला पहनाकर कांग्रेस में शामिल करवाया।उनके अलावा भाजपा के बटाहली बूथ के पूर्व अध्यक्ष हंसराज और होशियार सिंह,रमेश चंद भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं।पंडित ज्योति कुमार और देशराज ने पुतड़ियाल में कांग्रेस जॉइन की।

प्रभात चौधरी ने अपने पैतृक गांव बड़ा में मुख्यमंत्री की जनसभा में कांग्रेस का दामन थामा।वह दो बार नादौन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं।पहली बार उन्होंने 2003 में निर्दलीय और 2007 में बसपा टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था।दोनों बार उन्होंने 10 हजार वोट लिए थे।इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा और भाजपा में शामिल हो गए।पूर्व शिक्षा मंत्री नारायण चंद पराशर के समय प्रभात कांग्रेस में ही हुआ करते थे।उसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ लिया।अब मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने उनकी घर वापसी करवाई है।प्रभात के भाजपा छोड़ने से कांग्रेस को नादौन में और मजबूती मिलेगी।उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यों और नीतियों में आस्था जताते हुए कांग्रेस का दामन थामा है।पूर्व बूथ अध्यक्ष हंसराज ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू जबसे मुख्यमंत्री बने हैं तबसे उन्होंने आम आदमी को मद्देनजर रखकर काम किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में आए सभी भाजपाइयों को पूरा मान सम्मान मिलेगा।
