
Shimla में शुक्रवार को एचआरटीसी बस के चालक की लापरवाही से एक महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ।जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे एचआरटीसी की इलैक्ट्रिक बस चालक ने पुराने बस स्टैंड पर पहले एक बस को टक्कर मारी और टक्कर मारते हुए दूसरी बस टैक्सी स्टैंड में जा घुसी जहां एक बाइक और कार भी बस की चपेट में आ गए।इस दौरान जुन्गा बस का इंतजार कर रही एक महिला और एक व्यक्ति भी बस की चपेट में आ गए,स्थानीय लोगों व पुलिस की सहायता से महिला व घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया।जहां महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।मृतक महिला की पहचान राधा (48) निवासी जुन्गा शिमला के रूप में हुई है,वहीं घायल व्यक्ति की पहचान भगत सिंह एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी के रूप में हुई है।पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।बस हादसे में निगम प्रबंधन की प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही पाई गई है।निगम ने लापरवाही को देखते हुए इलैक्ट्रिक बस चालक प्रवीण कुमार को सस्पैंड (निलंबित) कर दिया है और विभागीय जांच भी बिठा दी है।इसके अतिरिक्त निगम प्रबंधन ने मृतक महिला के परिजनों को 25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है।आर.एम.विनोद शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस मामले में चालक की लापरवाही पाई गई है,ऐसे में चालक को सस्पैंड किया है,वहीं घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है उनकी हालत स्थिर है।एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि पुराना बस स्टैंड में दुर्घटना का मामला सामने आया है।बस हादसे में महिला की मौत हुई है,वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया है।
