
युवा कांग्रेस ने शिमला में केंद्र सरकार और भाजपा का दामन थामने वाले 6 बागी नेताओं के खिलाफ प्रर्दशन का आयोजन किया।प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय एक विरोध रैली भी निकाली गई।इस दौरान युकां और एनएसयूआई कार्यकर्त्ताओं ने केंद्र और बागी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी भी की।उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रर्दशन में शामिल पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए निगम भंडारी ने कहा कि हिमाचल की चुनी हुई सरकार को जिस अलोकतांत्रिक ढंग से केंद्र की भाजपा सरकार अस्थिर करने का प्रयास कर रही है,वह निंदनीय है।निगम भंडारी ने कहा कि केंद्र सरकार अपने इस घिनौने खेल के तहत कांग्रेस के 6 विधायकों को पहले हरियाणा फिर उत्तराखंड और दिल्ली ले गई।कहीं न कहीं उन पर दबाव बनाया गया और आज दिल्ली भाजपा मुख्यालय में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।इसका कांग्रेस,युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कड़ा विरोध करती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सुनियोजित तरीके से कांग्रेस के बागी नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करवाया,जो लोकतंत्र की हत्या है।भंडारी ने कहा कि जनता सब देख रही है और स्वयं लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और बागियों को सबक सिखाएगी।इस मौके पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
