
धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है।विधायक को उनके निजी स्टाफ के फोन पर 2 बार धमकी भरे कॉल आए हैं।इसकी पुष्टि स्वयं विधायक सुधीर शर्मा ने शनिवार को धर्मशाला में एक कार्यक्रम के दौरान की है।सुधीर शर्मा को धमकी कनाडा में छिपे एक गैंगस्टर का नाम से आई है लेकिन कॉल लोकल बताई जा रही है।हालांकि अब मामला पुलिस के पास पहुंच गया है, ऐसे में खुफिया एजैंसियों सहित पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।यह भी चर्चा है कि किसी कांग्रेस नेता के कहने पर ही ये फोन करवाए गए हैं।विधायक ने कांग्रेस नेता का नाम भी मुख्यमंत्री को बताया है,जिसके इशारे पर उन्हें यह कॉल्स की गई हैं।सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री और डीजीपी से इस मामले की जांच कर धमकी भरे कॉल करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।शनिवार को धर्मशाला में विधायक सुधीर शर्मा के कई शिलान्यास व उद्घाटन के कार्यक्रम थे,जिसके लिए वह बजट सत्र की ब्रेक के बीच धर्मशाला पंहुचे थे लेकिन इस घटनाक्रम के चलते वह कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर वापस शिमला लौट गए।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह तो कभी भी अनजान नम्बर की कॉल नहीं उठाते हैं लेकिन उनके निजी स्टाफ के फोन पर 2 बार धमकी भरे कॉल किए गए हैं।वहीं जब विधायक से पूछा गया कि इसके पीछे उनकी पार्टी के नेता का नाम आ रहा है तो उन्होंने बताया कि इस बाबत मुख्यमंत्री को भी अवगत करवा दिया है तथा ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
