
Congress की दिल्ली में हुई प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में कांगड़ा,हमीरपुर और शिमला संसदीय सीट पर सर्वे के आधार पर उम्मीदवार के चयन को लेकर चर्चा हुई है। प्रारंभिक तौर पर हर सीट पर दो से तीन नामों पर विचार किया गया है।बैठक में पिछले लोकसभा चुनावों में हार-जीत के आंकड़े पेश कर हर सीट के मजबूत व कमजोर पक्ष पर मंथन किया गया है।सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की योजना चारों सीटों पर दिग्गज नेताओं को चुनाव लड़वाने की है।

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के परिवार की परंपरागत मंडी सीट से चुनाव लड़ने का फ़ैसला वर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह और उनके बेटे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर छोड़ा गया है।हालांकि पहले से चली आ रही परंपरा के तहत चारों सीटों से चुनाव लड़ने के चाहवान नेताओं से अगले 10 दिनों के भीतर आवेदन मांगे जाएंगे।ये आवेदन जिला कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे जाएंगे। 15 फरवरी के बाद कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति की बैठक शिमला में कभी भी बुलाई जा सकती है।इस बैठक में उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट कर स्क्रीनिंग कमेटी को भेजे जाएंगे।सूत्रों के अनुसार प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी की दूसरी बैठक अगले माह सम्भावित है।
