अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स टीम का क्रेज क्रिकेट प्रेमियों को धर्मशाला खींच ले आया। धौलाधार की तलहटी में स्थापित इस स्टेडियम का क्रेज पहले ही लोगों में है,वहीं राजस्थान रॉयल्स टीम के प्रशंसक खिलाड़ियों को सामने खेलते हुए देखने के लिए भी उत्साहित दिखे,साथ ही प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी पंजाब किंग्स को भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रशंसक भारी संख्या में धर्मशाला पहुंचे।इतना ही नहीं, पंजाब टीम के कर्मचारी भी स्टेडियम में पंजाब को चीयरअप करने के लिए प्रशंसकों को मुफ्त में टीम की टी-शर्ट और झंडे बांटते दिखे।स्टेडियम में दोपहर बाद साढ़े 4 बजे एंट्री शुरू हो गई लेकिन स्टेडियम में मैच शुरू होने के बाद भी भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान की तरफ रुख करते रहे।आलम यह था कि 17 मई को हुए पंजाब व दिल्ली के मैच के मुकाबले शुक्रवार को भीड़ ज्यादा थी।इसका कारण वीकैंड के साथ-साथ राजस्थान रॉयल्स का क्रेज भी था।

सातवें मैच में चला सैम करन का बल्ला,अर्धशतक से चुके।
पिछले 6 मैचों से आऊट ऑफ फॉर्म चल रहे पंजाब के आलराऊंडर सैम करन का धर्मशाला में राजस्थान के खिलाफ बल्ला चला। सैम पिछले 6 मैचों में अपने बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए थे। पिछले मैचों में उन्होंने 11, 20, 4, 0, 29 व 21 रन बनाए हैं। इसके विपरीत शुक्रवार को राजस्थान के खिलाफ टीम का टॉप ऑर्डर फेल होने पर सैम ने 31 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए।
