
नई सरकार के गठन के बाद मुख्य सचिव,डी.जी.पी. एवं वन विभाग के मुखिया की नए सिरे से तैनाती करने को लेकर कसरत तेज हो गई है।अब तक सरकार की तरफ से डी.सी.किन्नौर एवं आई.ए.एस.अधिकारी आबिद हुसैन सादिक को विशेष सचिव वन के पद पर तबदील किया है।उनके स्थान पर एच.ए.एस. अधिकारी एवं ए.डी.एम. पूह सुरेंद्र सिंह राठौर को डी.सी.किन्नौर का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है।साथ ही हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा के अधिकारी रितु राज वर्मा को संयुक्त सचिव से अतिरिक्त सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। सूत्रों के अनुसार सरकार की तरफ से जल्द मुख्यमंत्री के प्रधान सचिवडी.सी. व एस.पी. सहित अन्य अहम पदों पर तैनाती की जा सकती है।
साथ ही मंत्रिमंडल गठन के बाद नए मंत्री अपनी मर्जी के अनुसार अधिकारियों की तैनाती कर सकते हैं। मौजूदा समय में मुख्य सचिव पद की दौड़ में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रहे अली रजा रिजवी व प्रधान सलाहकार संजय गुप्ता दौड़ में हैं। वर्तमान मुख्य सचिव आर.डी. धीमान और वन विभाग के मुखिया अजय श्रीवास्तव इसी माह सेवानिवृत होने हैं। ऐसे में वन विभाग के मुखिया पद की दौड़ में राजीव कुमार का नाम सबसे ऊपर है। इसके अलावा प्रतिनियुक्ति पर चल रहे समीर रस्तोगी और वी.के. तिवारी का नाम शामिल है। डी.जी.पी. पद को लेकर भी सरकार को नए अधिकारी की तलाश है। ऐसा इसलिए क्योंकि मौजूदा डी.जी.पी. पुलिस पेपर लीक मामले के बाद कांग्रेस के निशाने पर रहे हैं। उन्होंने खुद भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की इच्छा जताई है। इसे देखते हुए अब नए डी.जी.पी. के प्रदेश में कार्य कर रहे वरिष्ठ आई.पी.एस.अधिकारी या फिर केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे किसी वरिष्ठ अधिकारी को बुलाया जा सकता है।मुख्यमंत्री के नए प्रधान सचिव पद पर भी सरकार नई नियुक्ति कर सकती है,जिसमें ओंकार शर्मा को यह दायित्व सौंपा जा सकता है।मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव पर भी विवेक भाटिया सहित अन्य अधिकारियों ने नाम लिए जा रहे हैं।
