अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव और कसुम्पटी से विधायक अनिरुद्ध सिंह ने भाजपा पर मुख्यमंत्री आफिस में बुलाकर भाजपा में शामिल होने का बड़ा आरोप लगाया है।कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने पर अनिरुद्ध सिंह ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि मुझे भी फोन कर मुख्यमंत्री ने बुलाया था,लेकिन मैं किसी हालात में नहीं बिकूंगा।उन्होंने पार्टी छोड़ने वालों को वोट नहीं देकर सबक सिखाने की मतदाताओं से अपील की है।

कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि भाजपा का अब कांग्रेसीकरण हो रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के नेता शामिल करने पड़ रहे हैं।केंद्र और राज्य सरकारों की नाकामियों के चलते ऐसी घटनाएं हो रही हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के लिए ईडी,आयकर विभाग और सीबीआई का दबाव बनाया जा रहा है।कई तरह से ब्लैकमेल भी किया जा रहा है।अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि हर्ष महाजन को कांग्रेस ने पूरा मान-सम्मान दिया।उन्होंने पार्टी क्यों छोड़ी है,उसके बारे में जानकारी नहीं है। हर्ष महाजन अच्छे नेता हैं।काफी समय साथ गुजरा है।अब उन्होंने कांग्रेस छोड़ी है और मोदी का गुणगान कर रहे है,यह समझ से परे है।उन्होंने कहा कि नेताओं के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा।प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है।
