डेरा बाबा रुद्रानंद धाम उत्तर भारत में सनातन संस्कृति और अध्यात्म का प्रमुख केंद्र:मुकेश अग्निहोत्री।

ऊना:उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम,नारी में आयोजित पंचभीष्म महापर्व एवं कोटि गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति में भाग लिया।इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि,शांति और खुशहाली की कामना की।उन्होंने डेरा के अधिष्ठाता श्री श्री 1008 वेदांताचार्य विद्यालंकार स्वामी हेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डेरा बाबा रुद्रानंद धाम उत्तर भारत का एक अत्यंत श्रेष्ठ धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र है।यह सनातन संस्कृति,साधना और अध्यात्म की समृद्ध परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है,जहां देश-विदेश से श्रद्धालु ध्यान,साधना और आध्यात्मिक शांति की तलाश में पहुंचते हैं।इस पवित्र स्थल की अपनी विशिष्ट पहचान और गौरवशाली परंपरा है।उन्होंने ब्रह्मलीन स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज को नमन करते हुए कहा कि यह पवित्र धाम उनकी तपस्या,साधना और आशीर्वाद की विरासत है।उनके तप और समर्पण ने इस स्थान को श्रद्धा और आस्था के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित किया।आज इस धाम की प्रतिष्ठा और आध्यात्मिक पहचान को आगे बढ़ाने में स्वामी हेमानंद जी महाराज का महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल पर आयोजित महायज्ञ की पूर्णाहुति में शामिल होना उनके लिए विशेष महत्व और श्रद्धा का विषय है।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं।पंचभीष्म महापर्व और कोटि गायत्री महायज्ञ जैसे आयोजन भारतीय सनातन परंपरा की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं।ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा,आपसी भाईचारे,सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।उन्होंने कहा कि इन परंपराओं का संरक्षण करना और इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।उप मुख्यमंत्री ने महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए डेरा प्रबंधन एवं आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करते हैं।इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा,महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी रणजीत राणा,अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी,संदीप अग्निहोत्री,एस टी ए सदस्य अशोक ठाकुर प्रमोद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।सभी ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *