
नई दिल्ली:दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ,देश बचाओ’महारैली में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने भी अपनी ताकत दिखाई।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल से भारी संख्या में कांग्रेस नेता,मंत्री, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार,कैबिनेट मंत्री,विधायक और संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया।

हिमाचल प्रदेश से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया था,जबकि प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने 20 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया।रामलीला मैदान में आयोजित महारैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधा।

प्रदर्शन में कथित वोट चोरी,मतदाता सूची में अनियमितताओं और चुनाव सुधारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मतदान का अधिकार लंबे संघर्ष के बाद मिला है और इसकी रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।हिमाचल कांग्रेस की इस बड़ी भागीदारी को दिल्ली में पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

