
शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में बेखौफ चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।चोरों ने देर रात मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मंदिर से चांदी के मुकुट,सोने के आभूषण तथा दानपात्र में रखी नकदी चुराकर मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार शिमला के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है।चोर गर्भगृह से भगवान के चांदी के 3 मुकुट,माता सीता की लगभग एक तोला वजनी सोने की नथ और दानपात्र से नकदी चुराकर फरार हो गए।पुलिस थाना बालूगंज में बीएनएस की धारा 331(4) व 305(डी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना की भनक रविवार सुबह उस समय लगी,जब मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखा।अंदर जाकर देखने पर पता चला कि गर्भगृह से कीमती चांदी के मुकुट,सोने के आभूषण और दानपात्र की नकदी गायब थी।इसके तुरंत बाद सुरक्षा कर्मी ने मंदिर प्रबंधन को घटना की सूचना दी,जिसके बाद आनन-फानन में शिमला पुलिस को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मंदिर परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी है।संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो एक संदिग्ध की तस्वीर इसमें कैद पाई गई।इसके साथ ही फोरैंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले इतने बड़े और प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में रोष है।इस वारदात के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।श्रद्धालुओं ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों का सुराग लगाकर चोरी हुआ सामान बरामद करे और मंदिर सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करे।

एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है।मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गईं।एक सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध कैद हुआ है,जिसकी जानकारी सभी जगह दे दी गई है और चोरों का सुराग लगाने के लिए गहनता से कार्रवाई जारी है और आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
