
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित छह अक्तूबर के बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु छह अक्तूबर को मां नयनादेवी जी के दर्शन करने के साथ ही एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी।राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से अधिकारियों को सभी तैयारियों को लेकर निर्देश दिए गए हैं।मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन बिलासपुर में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई,जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की।बैठक में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एम्स बिलासपुर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति छह अक्तूबर को श्रीनयनादेवी जी मंदिर में दर्शन करेंगी तथा इसके बाद एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
