
हिमाचल प्रदेश समग्र शिक्षा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टुटू,शिमला और विद्यालय परिसर के अंतर्गत आने वाले राजकीय केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय टुटू के लिए शैक्षणिक सत्र 2026–2028 हेतु संयुक्त विद्यालय प्रबंधन समिति का विधिवत गठन किया गया।दोनों विद्यालयों के संयुक्त छात्र नामांकन के आधार पर गठित यह समिति आगामी दो वर्षों तक प्रभावी रहेगी।निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वप्रथम अभिभावक प्रतिनिधियों का चयन किया गया।

इसके बाद एसएमसी अध्यक्ष पद के लिए लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी निर्वाचन सम्पन्न कराया गया।अध्यक्ष पद के लिए अनुराधा शर्मा और शर्मिला ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया।निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में सभी पात्र सदस्यों ने गुप्त मतदान के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमें अनुराधा शर्मा ने बहुमत प्राप्त किया और वह संयुक्त विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गईं।

वहीं,राजकीय केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय टुटू की शिक्षा उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनी गई।इसके अतिरिक्त समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समिति के अन्य सदस्यों का भी विधिवत मनोनयन किया गया तथा नई संयुक्त विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुराधा शर्मा,उपाध्यक्ष शिक्षा तथा समिति के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय एवं राजकीय केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय टुटू के विकास में एक सशक्त कड़ी के रूप में कार्य करेगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण,विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालय-समुदाय के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।

प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक,निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, शिक्षकों,निर्वाचन दल तथा उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने विश्वास जताया किया कि नवगठित संयुक्त एसएमसी आगामी दो वर्षों में विद्यालयों के सर्वांगीण विकास एवं नई शैक्षणिक उपलब्धियों की दिशा में प्रभावी एवं सकारात्मक भूमिका निभाएगी।

