शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।प्रतियोगिता में भारत सहित छह देशों के मुक्केबाजों ने भाग लिया।शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता में भारत सहित श्रीलंका,ताजिकिस्तान,उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ रोमांचक मुकाबले हुए। रिज मैदान पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे।खिलाड़ियों के आक्रामक पंच और शानदार तकनीक ने दर्शकों में उत्साह भर दिया।कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी,लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह,जस्टिस विवेक ठाकुर,विधायक हरीश जनारथा,विधायक हरदीप बावा,उपमहापौर उमा कौशल,पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह,हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह राजनीति के दिग्गज नेता रहे हैं।उनकी स्मृति में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय पेशेवर मुक्केबाजी चैंपियनशिप खेल जगत के साथ हिमाचल के लिए भी नई मिसाल पेश कर रही है।उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन,आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।इस स्तर की प्रतियोगिता से प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मुक्केबाजों को निकट से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में किए गए सामाजिक कार्यों के कारण हिमाचल की पहचान देशभर में बनी है।वर्तमान सरकार भी उनके पदचिह्नों पर चलते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।अंतरराष्ट्रीय पेशेवर मुक्केबाजी चैंपियनशिप के आयोजन से शिमला एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों का केंद्र बनकर उभरा है।इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं का खेलों की ओर आकर्षण बढ़ेगा।

The news click

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *