
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी व्यवस्था परिवर्तन का खोखला नारा देने वाली प्रदेश सरकार जनहित में नए संस्थान खोलने के बजाय पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों पर ताले लगाने पर अड़ी हुई है।इससे पूरे प्रदेश में विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लग गया है।उन्होंने आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में बरसात का मौसम फिर से दस्तक देने वाला है,लेकिन सरकार पिछले साल आपदा के दौरान सडक़ों पर गिरा मलबा तक हटाने में नाकाम रही है।उन्होंने जनता से सीधा सवाल किया कि उन्हें विकास करने वाली सरकार चाहिए या विकास पर ताला लगाने वाली सरकार।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी खजाना केवल कुछ खास मित्रों पर लुटाया जा रहा है।निकाय चुनावों को लेकर जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है,जिसके तहत भाजपा ने 25 नगर परिषदों में से 18 पर और 22 नगर पंचायतों में से 13 पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।इन परिणामों से कांग्रेस के भीतर खलबली मची हुई है,जिसे छुपाने के लिए कांग्रेस नेता झूठे दावे पेश कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
