बोले पेट्रोल और डीजल पर नया उपकर लगाकर कांग्रेस सरकार ने जनता पर थोपी महंगाई।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा लाए गए हिमाचल प्रदेश मूल्य परिवर्धित कर (संशोधन) अधिनियम, 2026” को पूरी तरह जनविरोधी बताते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर अतिरिक्त उपकर लगाकर प्रदेश की जनता पर महंगाई का नया बोझ डाल दिया है।त्रिलोक कपूर ने कहा कि सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश वैट अधिनियम 2005 में संशोधन कर नई धारा 6-ए जोड़ी गई है,जिसके तहत पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर प्रथम बिक्री बिंदु पर प्रति लीटर ₹5 तक “अनाथ एवं विधवा उपकर”लगाने का प्रावधान किया गया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी आर्थिक विफलताओं को छुपाने के लिए अब नए-नए टैक्स और उपकर थोप रही है।चुनावों से पहले कांग्रेस ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे,लेकिन आज सरकार राहत देने के बजाय महंगाई बढ़ाने का काम कर रही है।त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले बिजली के बिल बढ़ाए,पानी महंगा किया,स्टांप ड्यूटी बढ़ाई और अब पेट्रोल-डीजल पर नया उपकर लगाकर आम आदमी,किसानों,ट्रांसपोर्टरों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल महंगे होने का सीधा असर परिवहन,खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ेगा।उन्होंने कहा कि सरकार ने इस उपकर को “अनाथ एवं विधवा कल्याण” के नाम से जोड़ने का प्रयास किया है,लेकिन वास्तविकता यह है कि कांग्रेस सरकार जनता की भावनाओं का उपयोग कर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।भाजपा समाज कल्याण के पक्ष में है,लेकिन जनता पर करों का बोझ डालकर योजनाएं चलाना सरकार की विफल आर्थिक नीति को दर्शाता है।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दस्तावेज में स्पष्ट उल्लेख है कि उपकर से प्राप्त राशि “अनाथ एवं विधवा कल्याण निधि”में जमा की जाएगी,लेकिन कांग्रेस सरकार को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि पिछले ढाई वर्षों में जनता से वसूले गए टैक्स और बढ़े हुए राजस्व का उपयोग कहां किया गया।त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार “व्यवस्था परिवर्तन”का नारा देकर सत्ता में आई थी,लेकिन आज प्रदेश में केवल आर्थिक अव्यवस्था,बढ़ते कर और विकास कार्यों की बंदी दिखाई दे रही है।जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से पूरी तरह परेशान और निराश हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *