
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी,शिमला द्वारा विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रिज मैदान,शिमला में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त,जिला शिमला,अभिषेक वर्मा ने किया।अभिषेक वर्मा ने कहा कि रक्तदान एक महादान है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इसमें भाग लेना चाहिए ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।शिविर में लायंस क्लब शिमला के सहयोग से कुल 29 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव हेमंत जोकटा ने बताया कि यह शिविर उपायुक्त शिमला एवं सोसाइटी के अध्यक्ष अनुपम कश्यप के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार आयोजित किया गया।उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान न केवल दूसरों के जीवन को बचाता है,बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है।इस शिविर में कमला नेहरू अस्पताल,शिमला के ब्लड बैंक की टीम ने डॉ.कंचन सिंह के नेतृत्व में अपनी सेवाएं प्रदान कीं,और एकत्रित सभी 29 यूनिट को ब्लड बैंक में जमा किया गया।इस अवसर पर जिला प्रशासन ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अन्य लोगों से भी नियमित रक्तदान करने की अपील की,ताकि शिमला जिले में किसी भी मरीज को रक्त की कमी न हो।
