
शिमला में दो दिनों तक कांग्रेस संगठन और सरकार को लेकर मंथन करने के बाद कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने जहां सरकार के कामकाज को सराहा है वहीं कहा है कि 15 से 20 दिन के भीतर कांग्रेस के नए संगठन का गठन कर दिया जाएगा।नई कार्यकारिणी की घोषणा होगी,लेकिन पार्टी अध्यक्ष को लेकर फैसला हाईकमान लेगा।उन्होंने सुक्खू सरकार को लेकर कहा कि सरकार बेहतर काम कर रही है और आम जनता को राहत दी जा रही है।सरकार और संगठन में जहां कमियां होंगी,उनको जल्द दूर कर दिया जाएगा।शिमला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए रजनी पाटिल ने दावा किया कि हिमाचल में पुरानी रिवायत को तोड़ा जाएगा।इस सरकार के बाद कांग्रेस एक बार फिर से सरकार बनाएगी और भाजपा को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।उन्होंने माना कि संगठन और सरकार में तालमेल बिठाने की जरूरत है,जिसके लिए वह प्रयास करेंगी।प्रदेश सरकार लगातार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रही है और इससे निकलने के लिए सरकार गंभीर प्रयास कर रही है।आपदा के समय में भी केंद्र सरकार ने हिमाचल की मदद नहीं की है।

एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत को लेकर उन्होंने कहा कि इसे पूरी तरह से लागू किया जाएगा।इसके साथ सत्ता में भी लोगों को अधिमान दिया जाएगा,जिन लोगों की नियुक्तियां अभी तक नहीं हुई हैं उसे भी देखेंगे और जल्दी ही सरकार में चेयरमैन व वाइस चेयरमैन की नियुक्तियां की जाएंगी।हालांकि उन्होंने माना कि सभी को खुश नहीं किया जा सकता है मगर फिर भी वह प्रयास करेंगी।उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों,ब्लाक अध्यक्षों की तैनाती जल्द होगी और नए चेहरों को भी अधिमान दिया जाएगा।
