
हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार और प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर जमकर हमला बोला है।इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नशे के बढ़ते प्रकोप को लेकर जन जागरण अभियान चलाएगी और जनता को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी।धर्मशाला दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रेस वार्ता कर कहा कि प्रदेश में दिन-ब-दिन नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है,जिससे प्रदेश का युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है।नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुक्खू सरकार नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने में पूरी तरह विफल रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पंजाब,हरियाणा,राजस्थान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया गया था,जिससे नशे के नेटवर्क पर लगाम लगाई गई थी,लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही है।जयराम ने कहा कि बीते दो हफ्तों में चार युवाओं की मौत हो चुकी है,जबकि विधानसभा में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार 2023-24 में 11 लोगों की मौत नशे के कारण हुई।उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार वाकई व्यवस्था परिवर्तन चाहती है,तो उसे नशे के खिलाफ कड़े कदम उठाने होंगे और रोजगार के नए अवसर सृजित करने होंगे।
