हिमाचल प्रदेश में सीमेंट के दाम फिर बढ़ गए हैं,जिससे अब लोगों को निर्माण कार्य में अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ सकता है।डीलरों ने प्रति बैग सीमेंट की कीमत में 5 से 20 रुपए तक की वृद्धि की है।डीलरों का कहना है कि यह बढ़ोतरी कंपनियों द्वारा दिए जाने वाले डिस्काउंट को खत्म करने के कारण हुई है।डीलरों के अनुसार,पहले कंपनियां अलग-अलग ज़ोन बनाकर सीमेंट पर डीलरों को डिस्काउंट दिया करती थीं,जिससे वे ग्राहकों को रियायती दरों पर सीमेंट बेच पाते थे।लेकिन हाल ही में कंपनियों ने यह डिस्काउंट बंद कर दिया है।डीलरों का कहना है कि कंपनियों ने अपनी बिलिंग में कोई बदलाव नहीं किया है,लेकिन मुनाफा कम होने की वजह से उन्हें कीमतें बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा।सीमेंट के दामों में इस वृद्धि से निर्माण कार्य महंगा हो सकता है।ठेकेदारों और ग्राहकों को अब ज्यादा खर्च करना पड़ेगा, जिससे राज्य में चल रही छोटी और बड़ी निर्माण परियोजनाओं की लागत में भी इजाफा हो सकता है।हैरानी की बात है कि हिमाचल में सीमेंट का उत्पादन हो रहा है,वहीं इसके दाम पड़ोसी राज्यों के मुकाबले अधिक हैं।सीमेंट कंपनियों की इस मनमानी पर रोक लगाने में सरकार भी नाकाम साबित हो रही है।आम जनता बढ़ते दामों से परेशान है लेकिन इन बढ़ौतरी को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *