
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन में न्यायमूर्ति राजीव शकधर को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई।मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने शपथ ग्रहण समारोह की कार्रवाई का संचालन किया और भारत के राष्ट्रपति की तरफ से जारी नियुक्ति वारंट पढ़ा।

लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल,हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीसी नेगी,दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश,कृषि मंत्री चंद्र कुमार,लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह,तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ.राजीव बिंदल,महाधिवक्ता अनूप कुमार रतन,पुलिस महानिदेशक डाॅ.अतुल वर्मा,हिमाचल प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति पीएस राणा,राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची,विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष,राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी,हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के परिजन और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।शपथ ग्रहण समारोह के लिए 100 से अधिक अतिथि विशेष तौर पर पहुंचे थे,इन अतिथियों को सिसिल,पीटरहॉफ,सर्किट हाऊस और मरीना होटल में ठहराया गया था।

उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ग्रहण करने के बाद न्यायमूर्ति राजीव शकधर ने राजभवन में मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं हिमाचल प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि मेरा भले ही कार्यकाल छोटा है,लेकिन ये बिलकुल नहीं होगा कि जो करने योग्य होगा उसको न किया जाए।मैं प्रयास करूंगा कि करने योग्य मामलों का शीघ्र निपटारा हो,उन्हें टलने नहीं दिया जाएगा,हिमाचल प्रदेश के हितों के लिए कम समय में भी काम किया जाएगा,कहा कि उनके लिए ये महत्वपूर्ण और खुशी के पल हैं।
