
Hamirpur के भोरंज पुलिस थाने के तहत एक गांव में महिला के मुंह पर कालिख पोतकर उसे पूरे गांव में घूमाने का मामला सामने आया है।हालांकि मामला करीब 2 सप्ताह पुराना बताया जा रहा है,लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसका वीडियो सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ और पुलिस भी हरकत में आई तथा शुक्रवार को विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस ने मामला दर्ज किया।जिला हमीरपुर पुलिस ने वायरल वीडियो के संदर्भ में अपने स्थानीय व विभागीय स्रोतों से जानकारी जुटाई,जिससे पाया कि उक्त घटना थाना भोरंज के क्षेत्राधिकार में गांव चम्योग में घटित हुई है।पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़ित महिला ने बताया कि उसके साथ यह घटना 31 अगस्त को घटित हुई है।जब वह अपने घर गांव चम्योग पहुंची तो स्थानीय निवासी राजो देवी,केसरी देवी व रमेश चंद इनके घर आए तथा उसकी सास आशा देवी जोकि घर पर ही मौजूद थी,के साथ मिल कर उसके साथ लडाई-झगड़ा तथा मारपीट की।इस दौरान उसकी सास ने उसको पकड़ा तथा कैंची से उसके बाल काट दिए और उसके मुंह पर कालिख पोत दी। इसके बाद उसकी सास आशा देवी ने तथा राजो देवी ने दुपट्टे से उसको बांधा व गांव में घुमाने ले गई।इस दौरान पीडिता के गांव के ही एक अन्य व्यक्ति प्रताप सिंह ने उसका रास्ता रोक कर थप्पड़ मार दिया।उधर एसपी हमीरपुर डाॅ.आकृति शर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला की इस शिकायत पर थाना भोरंज में आईपीसी की धारा 451, 355, 354, 509, 341, 323, 504, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंच कर पीड़िता से मुलाकात की तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने व न्याय दिलाने बारे आश्वस्त किया है तथा थाना प्रभारी भोरंज को निष्पक्ष अन्वेषण करने के बारे में उचित दिशा-निर्देश दिए हैं।
