लोक निर्माण मंत्री ने पाहल में किया तीन दिवसीय अंडर-14 छात्रा जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ,13 स्कूलों की खिलाड़ी ले रही हिस्सा।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पाहल में तीन दिवसीय अंडर-14 छात्रा जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि किया।

उन्होंने खेल ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।इस दौरान विभिन्न स्कूलों से पहुंची छात्रा खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है,बल्कि बच्चों में अनुशासन,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता,टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने छात्राओं को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य किए जा रहे हैं।बमोट लिंक रोड का निर्माण लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से जारी है,जबकि ग्राम पंचायत पाहल के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने महिला मंडल भवन के निर्माण में बजट की कमी से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए,ताकि सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जा सके।उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से कड़ियाची-टबोग विस्तारीकरण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।पाहल-गेहनी-देवीधार सड़क का कार्य भी लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से जारी है।

अक्टूबर माह में टूटू और सुन्नी की महिलाओं के लिए होगा महिला खेल महाकुंभ का आयोजन:कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अक्टूबर माह में टूटू और सुन्नी क्षेत्र की महिलाओं के लिए महिला खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने टूटू खंड में पाहल ग्राम पंचायत को विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।इस अवसर पर उन्होंने विधायक निधि से खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।साथ ही विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 4 लाख रुपये की लागत से शौचालय का निर्माण करवाने की घोषणा की।स्कूल में किचन शेड के लिए भी आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

13 विद्यालयों की छात्रा खिलाड़ी ले रही हिस्सा:प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अन्नाडेल,राजकीय उच्च पाठशाला बमोटा,शहीद वेद प्रकाश राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बायचड़ी,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काईना,राजकीय उच्च पाठशाला कैथू,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोहबाग,माउंट शिवालिक पब्लिक स्कूल जुब्बड़हट्टी,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर,राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोघी,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शामलाघाट,पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पाहल तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला की छात्रा खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।

कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्य नीना कुमारी,उप-प्रधानाचार्य बबीता शर्मा,ग्राम पंचायत प्रधान गिरीश,उपप्रधान राजेंद्र ठाकुर,जल शक्ति विभाग के एसडीओ योगेश,लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रेम,पूर्व बीडीसी चेयरमैन सरोज,पूर्व प्रधान चंद्रकांता,बाबू राम शर्मा,एच.सी.शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

