Oplus_131072

दिव्यनगर में वार्ड सभा के दौरान गूंजे बदहाल रास्ते, बिजली,पानी और भवन नियमितीकरण के मुद्दे।

शिमला नगर निगम के मज्याठ वार्ड के अंतर्गत आने वाले दिव्यनगर क्षेत्र में पार्किंग की समस्याए बदहाल पार्क चोरी की घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने आवाज उठाई।स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर एक माह तक वार्ड में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के चौथे चरण के तहत रविवार को क्षेत्र में स्वच्छता अभियान और स्वतंत्रता दिवस माह की अंतिम मासिक बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में स्थानीय लोगों ने लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में लोगों ने सामुदायिक भवन,पार्किंग,भवन नियमितिकरण और सीवरेज जैसे कई अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया,स्थानीय लोगों के मुताबिक पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को अपने वाहन पार्क करने के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ती है,लोगों ने क्षेत्र में पार्क और पार्किंग की उचित व्यवस्था की मांग उठाई।स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में दो से तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी है जिसके बाद लोग सहमे हुए हैं।लोगों ने मांग की कि दिव्यनगर में जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं ताकि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिरों की पहचान की जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो।

बदहाल रास्तों और एम्बुलेंस मार्ग की सुध लेने की मांग:स्थानीय लोगों ने लोअर दिव्यनगर एम्बुलेंस मार्ग पर मेटलिंग कार्य करवाने की मांग की।साथ ही दिव्यनगर में कच्चे पैदल मार्ग को पक्का करने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया।इसके साथ ही दिव्यनगर से लोअर दिव्यनगर के लिए बनाए गए नाले पर एक पैदल शॉटकट मार्ग बनाने की भी मांग उठी ताकि दिव्यनगर से लोअर दिव्यनगर को शॉटकट मार्ग बनाया जाए सके।बरसात में बारिश से हुए नुकसान खस्ताहाल रास्तों और पार्कों की मरम्मत की मांग भी बैठक में रखी गई।लोगों ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त करने,नई लाइट्स लगाने बिजली की तारों को व्यवस्थित करने और आवश्यक स्थानों पर केबल लगाने की मांग की।

भवन नियमितीकरण का मुद्दा भी उठा:वार्ड सभा में पुराने भवनों के नियमितीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।स्थानीय लोगों ने कहा कि उनके पूर्वजों के समय से बने कई मकानों के नक्शे और अन्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।ऐसे भवनों के लिए एकमुश्त समाधान की व्यवस्था होनी चाहिए।स्थानीय पार्षद अनिता शर्मा ने बताया कि इस संबंध में सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और अब इस पर सरकार स्तर पर निर्णय होना है।

सफाई अभियान भी चलाया:इस दौरान क्षेत्र में सफाई अभियान भी चलाया गया।बैठक में सामुदायिक भवन,खेल मैदान और रोगी वाहन सडक़ जैसे ज्वलंत विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।पार्षद अनिता शर्मा ने कहा कि वार्ड सभा में लोगों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को नगर निगम सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।उन्होंने कहा कि मरम्मत और अन्य विकास कार्यों के लिए नगर निगम से बजट की मांग की जाएगी।

उन्होंने लोगों को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों से भी अवगत करवाया और आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार और नगर निगम के माध्यम से उक्त समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

अनिता शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस माह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के तहत रविवार को चौथे व अंतिम चरण का कार्यक्रम दिव्यनगर में हुआ।उन्होंने कहा कि लोगों ने जो भी मुद्दे उठाए हैं,उन्हें नगर निगम सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *