पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि साढ़ तीन वर्ष से ज्यादा के कार्यकाल में बताने के लिए कांग्रेस सरकार के पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं है।इसीलिए वह गांधी परिवार की चापलूसी करने के लिए हिमाचल में पहले से चल रहे संस्थानों के नाम गांधी-नेहरू परिवार के नाम पर रख रही है।इसी तरीके से अपने नाम और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के नाम से भी प्रदेश सरकार ने कुछ योजनाएं शुरू कीं,लेकिन वह प्रदेशवासियों के साथ किसी छलावे से कम नहीं थीं।शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि इन योजनाओं से ज्यादा धनराशि उनके प्रचार-प्रसार पर खर्च की गई।लोग फॉर्म भर कर प्यारी बहना सुख समृद्धि योजना के पैसे का इंतजार कर रहे हैं और कांग्रेस की सरकार आए दिन पात्रता शर्ते बदल कर उन्हें गुमराह कर रही है।साढ़े तीन साल से ज्यादा के कार्यकाल में सरकार के पास उपलब्धियों के नाम पर 2500 से ज्यादा संस्थान बंद करने,पूर्व सरकार की योजनाओं का बजट रोकने,डेढ़ लाख से ज्यादा पद समाप्त करने,10,000 से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकालने,किसान,बागवानों और महिलाओं को ठगने,देश-विदेश में घूम-घूमकर झूठ बोलने के अलावा कुछ भी नहीं है।पक्की नौकरी सरकार दे नहीं रही है और कच्ची नौकरी के सारे रास्ते बंद कर रही है। इसीलिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले से चल रहे संस्थानों के नाम गांधी परिवार के नाम पर रखकर आलाकमान के सामने अपना पक्ष मजबूत करना चाहते हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को गांधी परिवार के अलावा कुछ और नजर नहीं आता है।पूर्व की भाजपा सरकार के समय हमने मंडी में सरदार पटेल के नाम से विश्वविद्यालय खोला था,जो प्रदेश का दूसरा अकादमिक विश्वविद्यालय था।इससे न सिर्फ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का भार कम होता,बल्कि प्रदेश की बड़ी आबादी को घर के नजदीक शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलता और छात्रों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *