
शिमला के विकासनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में सुएज इंडिया द्वारा जल संरक्षण विषय पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया,जिसमें स्कूल के सैंकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।सेमिनार का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा,इस दौरान सुएज कंपनी के प्रतिनिधियों जिसमें मुख्य रूप से कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी राहुल शर्मा ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जल ही जीवन है और इसकी हर एक बूंद को सहेजना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है।

उन्होंने सुएज कंपनी के तहत शहर में स्वच्छ पेयजल की सुचारू आपूर्ति और प्रबंधन के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने के सरल व प्रभावी तरीके साझा किए।सेमिनार में विद्यालय के करीब 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और बेहद अनुशासित होकर जल संरक्षण के महत्व को सुना और समझा।
सुएज कंपनी के प्रतिनिधियों और मुख्य वक्ताओं ने आधुनिक तकनीकों,वॉटर रिसाइक्लिंग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।विद्यालय प्रबंधन और उपस्थित मुख्य अतिथियों ने कंपनी के इस अभियान की सराहना की और बच्चों को अपने घरों व समाज में जल प्रहरी के रूप में काम करने के लिए प्रेरित किया।

सेमिनार के दौरान स्कूली बच्चों को बताया गया कि शिमला में SUEZ इंडिया,शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL)के साथ मिलकर 24×7 जल आपूर्ति परियोजना पर काम कर रही है।यह कंपनी पानी वितरण,गुणवत्ता सुधार और बिलिंग सॉफ्टवेयर के आधुनिकीकरण का जिम्मा संभाल रही है।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सुएज टीम के इस ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी सत्र के आयोजन के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
The news click
