
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार और भाजपा पर लगातार हमलावर है।इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में पदयात्रा निकालते हुए विरोध प्रदर्शन किए।शिमला में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण व शहरी के संयुक्त तत्वावधान में संगठन के नेताओं और कार्यकर्त्ताओं ने पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से राम मंदिर तक राम भजन करते हुए जुलूस निकाला।इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी जघन्य अपराध है और देश की सैंकड़ों करोड़ जनता के विश्वास पर कुठाराघात है।राठौर ने आरोप लगाया कि यह सुनियोजित साजिश है और भगवान श्रीराम ऐसा करने वालों को कभी माफ नहीं करेंगे।उन्होंने भाजपा पर धर्म का मजाक बनाने का भी आरोप लगाया।राठौर ने कहा कि बीते दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रथ यात्रा कर रहे थे और एक कलाकार हनुमान का वेश धारण कर भाजपा का झंडा लिए आगे-आगे चल रहा था।उन्होंने आरोप लगाया कि चंदा चोरी मामले में मुख्य गुनहगारों को बचाने के प्रयास हो रहे हैं तथा जांच के नाम पर लीपापोती की जा रही है।केवल छोटे लोगों को फंसाया जा रहा है,जबकि बड़े मगरमच्छ खुले घूम रहे हैं।लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए खुलकर दान दिया,लेकिन अब हजारों करोड़ रुपए की कथित चोरी से साफ है कि यह सब भाजपा के संरक्षण में ही हुआ।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री भी इस मामले पर खामोश बैठे हैं।कांग्रेस पार्टी की मांग है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।शिमला शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा पिछले 30 वर्षों से भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है,लेकिन चंदा चोरी के मामले पर चुप्पी साधे हुए है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान श्रीराम से प्रार्थना करेगी कि चंदा चोरों को सद्बुद्धि दें।

जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि देश की जनता के सामने प्रभु श्रीराम के नाम पर राजनीति करने वालों की पूरी पोल खोली जाएगी।उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में केंद्र सरकार और भाजपा जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है।
