महिलाओं,युवाओं,किसानों,बागवानों और कर्मचारियों से किए गए अधूरे वादों को लेकर जनता के बीच जाएगी भाजपा:बिंदल।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार करने का निर्णय लिया है।यह चार्जशीट प्रदेश के प्रत्येक वर्ग से किए गए वादों,सरकार की जनविरोधी नीतियों,प्रशासनिक विफलताओं तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति पर आधारित होगी और इसे गांव-गांव तथा शहर-शहर जनता के बीच ले जाया जाएगा।डॉ.बिंदल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं,युवाओं,किसानों, बागवानों,कर्मचारियों,बेरोजगारों और समाज के विभिन्न वर्गों से अनेक गारंटियां एवं वादे किए थे,लेकिन सत्ता में आने के बाद अधिकांश घोषणाएं अधूरी रह गईं।जनता अब सरकार से जवाब मांग रही है और भाजपा जनता के इन सवालों को सशक्त रूप से उठाएगी।उन्होंने कहा कि भाजपा की चार्जशीट में महिलाओं से किए गए आर्थिक सहायता के वादे,युवाओं को रोजगार देने के दावे,किसानों और बागवानों से जुड़ी घोषणाएं,कर्मचारियों से किए गए आश्वासन,प्रदेश में बढ़ते आर्थिक संकट,कानून-व्यवस्था की स्थिति,भ्रष्टाचार, विकास कार्यों की धीमी गति तथा जनता पर बढ़ाए गए आर्थिक बोझ जैसे सभी विषयों को शामिल किया जाएगा।डॉ.बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनहित के बजाय करों,शुल्कों और विभिन्न प्रकार के आर्थिक भार बढ़ाकर आम लोगों को परेशान किया है।विकास परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं,कई संस्थानों पर अनिश्चितता का वातावरण बना है और जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।भाजपा इन सभी तथ्यों को प्रमाण सहित जनता के सामने रखेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा,जिसके माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी का अंतर उजागर करेंगे।चार्जशीट केवल राजनीतिक दस्तावेज नहीं होगी,बल्कि प्रदेश की जनता के साथ हुए वादाखिलाफी का तथ्यात्मक विवरण होगी।डॉ.बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज बनकर कांग्रेस सरकार से प्रत्येक अधूरे वादे का हिसाब मांगेगी और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाकर जनता को सरकार के वास्तविक प्रदर्शन से अवगत कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *