
उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत घनागुघाट के ताल गांव निवासी एक युवक की सांस की नली में कुरकुरा फंस जाने से दर्दनाक मौत हो गई।मृतक की पहचान हेमंत शर्मा (28 वर्ष) पुत्र दीपराम शर्मा के रूप में हुई है।हेमंत शर्मा कसौली के एक निजी होटल में कार्यरत था।जानकारी के अनुसार हेमंत शर्मा कुरकुरा खा रहा था,तभी उसका एक टुकड़ा सांस की नली में फंस गया।इसके बाद उसे सांस लेने में गंभीर दिक्कत होने लगी।परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए एमएमयू सुल्तानपुर लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया।पीजीआई चंडीगढ़ में चिकित्सकों द्वारा युवक का उपचार किया गया,लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।उपचार के दौरान बुधवार दोपहर हेमंत शर्मा ने दम तोड़ दिया।युवक के निधन की खबर मिलते ही ताल गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।हेमंत शर्मा के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।क्षेत्र के लोगों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।

