
शिमला में पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सैल शिमला और पुलिस थाना संजौली की टीम ने चिट्टा/हेरोइन तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है,पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 26 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,स्पेशल सैल की टीम अपराधों की रोकथाम और मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी रखने के लिए लक्कड़ बाजार,संजौली,ढली और आसपास के क्षेत्रों में गश्त पर थी।इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संजौली क्षेत्र का रहने वाला रवि कुमार उर्फ बंटी इलाके में चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार करता है और संजौली चौक के आसपास नशे की सप्लाई देने आने वाला है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संजौली चौक के पास नाकाबंदी की।इस दौरान एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया।पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रवि कुमार उर्फ बंटी निवासी संजौली,उम्र 35 वर्ष के रूप में बताई है।पुलिस थाना संजौली में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
