Oplus_131072

नगर निगम चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मंडी में भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया है।इस दौरान शहर की गलियों सहित बाजार में प्रचार खत्म होने से पहले नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में रोड शो किया गया।इस दौरान सभी 14 वार्डों के भाजपा प्रत्याशी भी साथ रहे।रोड शो के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने मंडी,पालमपुर,धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में भाजपा की जीत का दावा किया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नगर निगम चुनावों के प्रचार के अंतिम दिन मंडी के सभी 14 वार्डों में रोड शो कर चौहाट्टा बाजार में उपस्थित लोगों को संबोधित किया।जयराम ठाकुर ने सरकार के विरुद्ध शंखनाद करते हुए दावा किया है कि प्रदेश की चारों नगर निगमों मंडी, पालमपुर,धर्मशाला और सोलन में भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करने जा रही है।जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठी गारंटियों से हिमाचल की जनता का मोहभंग हो चुका है और आज प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार की कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर इसे सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुका है।यह नगर निगम चुनाव महज स्थानीय चुनाव नहीं,बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की विदाई की पटकथा लिखने वाले साबित होंगे।प्रदेश सरकार पर पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हार के डर से बौखलाई कांग्रेस अब प्रलोभन की राजनीति पर उतर आई है,जिसका प्रमाण मुख्यमंत्री द्वारा चुनावी सभाओं में खुलेआम यह कहना है कि कांग्रेस पार्षदों को जिताने पर वार्डों को 50 लाख से एक करोड़ रुपए का बजट दिया जाएगा।उन्होंने इस बयान को लोकतंत्र की मर्यादा का अपमान और मतदाताओं को खरीदने का एक असफल प्रयास करार देते हुए कहा कि यह कृत्य चुनाव आयोग की निष्पक्षता को चुनौती दे रहा है,जिसके विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज करवाकर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग कर रही है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदान के दिन तक पूरी ऊर्जा के साथ डटे रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *