
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है।सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई है।इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।वहीं इस मामले में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में दबोच लिया है।वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुआ संदिग्ध आरोपी आखिरकार ग्रामीणों और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।इस दौरान भीड़ का गुस्सा चरम पर दिखा और लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई भी की।

जानकारी के अनुसार,19 वर्षीय छात्रा सिया(पुत्री जोगिंदर सिंह)हर रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी।जब वह नैण गांव के पास पहुंची,तो बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया।हमलावरों ने छात्रा पर तेजधार हथियार से हमला किया और उसका गला रेत दिया,छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों का ग्रामीणों ने पीछा किया।घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई,जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।पुलिस ने ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से घेराबंदी की और वारदात वाली जगह से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे गोपालपुर और सरकाघाट क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश देखा जा रहा है।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की।मृतक छात्रा नैण गांव की ही रहने वाली थी और कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस जघन्य अपराध के पीछे का मुख्य कारण क्या था।छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
