क्षेत्र के विकास में नहीं आने देंगे कोई कमी :विक्रमादित्य सिंह।

खेल गतिविधियाँ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का एक प्रभावी माध्यम हैं।जब युवा खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं तो उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है और वे अनुशासन,फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाते हैं।यह बात लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इंदिरा गांधी खेल मैदान, रोहड़ू में आयोजित क्रिकेट क्रांति सीजन-5 के समापन अवसर पर अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में कही।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपनाकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं,बल्कि व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।खेलों के माध्यम से टीम भावना,नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास होता है।लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि रोहडू क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और इस दिशा में समय-समय पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के लिए पूर्व में 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे,लेकिन ठेकेदार द्वारा कार्य धीमी गति से किया जा रहा है।इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने पर ठेकेदार पर पेनल्टी लगाई जाए।उन्होंने कहा कि डोडरा-क्वार सड़क निर्माण के लिए एक वर्ष की अवधि बढ़ाई गई है,ताकि यह सड़क हर मौसम में सुचारु रूप से उपयोग में लाई जा सके।इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (फेज-4) के तहत रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से 21 सड़कों को स्वीकृति मिली है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में संतुलित एवं सकारात्मक विकास करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश वर्तमान में आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है,लेकिन शीघ्र ही इन परिस्थितियों से उभरकर विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।उन्होंने इंदिरा गांधी खेल मैदान,रोहड़ू के विकास के लिए भविष्य में आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया।विधायक रोहड़ू मोहन लाल ब्राक्टा ने लोक निर्माण मंत्री का विधानसभा क्षेत्र में आगमन पर स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि रोहड़ू क्षेत्र के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।उन्होंने बताया कि रोहड़ू के नागरिक अस्पताल में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है।इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

6 टीमों ने लिया भाग:क्रिकेट क्रांति सीजन-5 में कुल 6 टीमों ने भाग लिया,जिनमें नेक्स्ट जेन शराचली,कोटखाई रॉयल्स, नाइट हॉक्स रोहड़ू,फार्म सेंटर-11 जुब्बल,पराला सुपर किंग्स तथा नावर लीजेंड्स शामिल रहीं।यह प्रतियोगिता 3 अप्रैल से 6 अप्रैल,2026 तक आयोजित की गई,जिसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया।इस अवसर पर हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा,पूर्व मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला,पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं उपाध्यक्ष जिला परिषद सुरेंद्र रेटका,उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा,डीएसपी प्रणव चौहान,क्रिकेट क्रांति के संयोजक दिग्विजय रोनी चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *